ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 25 जून,जिले के जोगी टिकरिया गांव के पास राघोपुर–मरवारी बांध निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
आंदोलन की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं और उन्हें आंदोलन समाप्त करने के लिए समझाइश दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मां नर्मदा नदी पर प्रस्तावित राघोपुर–मरवारी बांध के निर्माण से पांच दर्जन से अधिक गांव प्रभावित होंगे तथा बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ेगा। उनका आरोप है कि बांध निर्माण से उनकी कृषि भूमि, मकान और आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा। इसी कारण वे लंबे समय से बांध परियोजना को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से बांध परियोजना पर पुनर्विचार करने तथा प्रभावित परिवारों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से लगातार चर्चा की जा रही है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अधिकारियों द्वारा मामले के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

