राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 29 अप्रैल, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने हेलमेट को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान डिंडोरी–अमरकंटक मुख्य मार्ग पर जेल बिल्डिंग के समीप लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों की जांच की गई।
यातायात थाना प्रभारी उइके ने अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटे। इस दौरान पुलिस ने सख्ती के साथ-साथ समझाइश का भी सहारा लिया और वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अधिकांश सड़क हादसों में सिर की चोट से जान जाने का खतरा अधिक रहता है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। इसलिए हेलमेट पहनना केवल नियम का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण उपाय है।
अभियान के दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। यातायात पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

