गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 14 जुलाई, समनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया पांडवपुर निवासी एक आदिवासी महिला पति की प्रताड़ना से तंग आकर मंगलवार को रोती-बिलखती कलेक्ट्रेट पहुंची और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति न केवल आए दिन उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता है, बल्कि सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें पोस्ट कर अभद्र टिप्पणियां भी कर रहा है।
पीड़िता ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे हैं। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर वह पिछले छह महीने से अपने बच्चों के साथ मायके में रहने को मजबूर है। महिला के अनुसार उसका पति रमाशंकर गोंड, निवासी ग्राम सलैया पांडवपुर, थाना समनापुर, लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है।
महिला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिए लिखित आवेदन में बताया कि पति फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उसकी तस्वीरें अपलोड कर अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखता है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। इसके कारण बाहरी लोगों के फोन भी उसके पास आने लगे हैं और अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में है।
आवेदन में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पति उसके चरित्र पर बेबुनियाद आरोप लगाता है, मोबाइल फोन तोड़ चुका है, घर में तोड़फोड़ करता है और लगातार धमकियां देता है। इन परिस्थितियों में उसका और उसके बच्चों का जीवन असुरक्षित हो गया है।
महिला की व्यथा सुनने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समनापुर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि इस दौरान थाना प्रभारी को मामले में लापरवाही बरतने पर फटकार भी लगाई गई।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पीड़ित महिला को कब तक न्याय मिल पाता है और आरोपों की जांच के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

