नवम राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिले में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

नवम राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिले में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 29 अक्टूबर, डिंडौरी कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशन में नवम राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिले में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। आज जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला आयुष कार्यालय में आयोजित हुआ। उक्त कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों का लाईव प्रसारण भी किया गया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष अवधराज बिलैया, राजेन्द्र पाठक, पुनीत जैन, सीएमएचओ डॉ. रमेश मरावी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. संतोष परस्ते, डॉ. समीक्षा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 



आयुर्वेदिक शिविर जिले के सभी विकासखण्डों में आयोजित हुए 


आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को जनसुलभ तक सुगमता से पहुंचाने के लिए आयुर्वेदिक शिविर सभी विकासखण्डों में आयोजित किये गए। नवम राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम ’’वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आर्युवेद नवाचार’’ पर शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें उपचारात्मक एवं निरोधात्मक स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. संतोष परस्ते ने बताया कि आयुर्वेद के प्रति जागरूकता के लिए औषधीय पौधों का ज्ञान भी जनमानस को कराया जा रहा है एवं उपहार स्वरूप देकर उसकी महत्वता को बताया जा रहा है। आयुष विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें आयुष्मान आरोग्य केंद्र नेवसा, भाखा, निघोरी, साल्हेंघोरी, चांदरानी, शहपुरा एवं शाहपुर द्वारा विभिन्न स्थानों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आयुर्वेद द्वारा लोगों की दिनचर्या वर ऋतु चर्या में सुधार लाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में संचालित विभिन्न आयुष औषधालयों द्वारा भी शिविर का आयोजन, छात्रावास में बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण और विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को आयुर्वेद के बारे में जागरुक करने के लिए सतत प्रयास किये जा रहे हैं।



राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस


भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करने एवं सम्मान देने के उददेश्य से भगवान धन्वंतरि जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 2016 से राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया जा रहा है। पुराणों के अनुसार भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद विज्ञान का देवता माना जाता है। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में मानव के व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाता है, जिसके तहत मानव के व्यक्तिगत त्रिदोष एवं त्रिगुण के आधार पर उपचार किया जाता है। त्रिदोष अर्थात वात, पित्त एवं कफ में असंतुलन की स्थिति आयुर्वेद के अनुसार अस्वस्थता मानी जाती है। जिसे उपचारित करने के लिए त्रिगुण प्रकृति का उपयोग कर उपचार किया जाता है। इस प्रकार आयुर्वेद में निरोधात्मक स्वास्थ्य और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवा प्रदान किया जाता है।

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।