राजेश ठाकुर की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 28 मई,भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिण्डोरी में आज “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत विशाल जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले भर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता,पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तेलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं संगठन गीत के साथ कार्यक्रम अगले क्रम हेतु बढ़ा। कार्यशाला में संगठनात्मक संरचना को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा एवं मार्गदर्शन दिया गया।
मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बनी है क्योंकि यह पार्टी केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। गरीबों को आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तथा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं और संगठन की विचारधारा को मजबूत करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली शक्ति है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा कार्यकर्ता आधारित राजनीति को महत्व दिया है और यही कारण है कि भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है।
नेताम ने कहा कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं बल्कि जनता के प्रति सेवा, समर्पण और जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है और आमजन का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।
अपने भाषण में जिलाध्यक्ष श्री नेताम ने संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ भाजपा की सबसे बड़ी इकाई है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की विजय का आधार होते हैं। उन्होंने आगामी सदस्यता अभियान, बूथ विस्तार, जनसंपर्क अभियान एवं सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं को समाज के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला एवं गरीबों—के बीच जाकर संवाद स्थापित करना चाहिए और सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचानी चाहिए।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन विस्तार, सोशल मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, बूथ प्रबंधन एवं आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम जिला संयोजक व जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी व आभार जिला उपाध्यक्ष दिलीप ताम्रकार ने व्यक्त किया।
उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अशोक अवधिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

