राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 29 मई, शहपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज ने सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए गौवंश संरक्षण को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन देते हुए गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देश में गाय को करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक माना जाता है, इसलिए उसकी सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए कठोर और प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए। मुस्लिम समाज ने हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग भी रखी।
समाज के लोगों ने मांग की कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा देशभर में गौवंश से जुड़े बूचड़खानों को बंद किया जाए। इसके साथ ही गौवंश से संबंधित वस्तुओं के आयात-निर्यात एवं व्यापार पर प्रतिबंध लगाने की भी अपील की गई।
ज्ञापन सौंपते हुए मुस्लिम समाज के सदस्यों ने कहा कि देश में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनकी मांगों को माननीय राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाए और शासन स्तर पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अताउरहमान खान, बहिद खान, मुबीन, इक़बाल, आशु, हिदायत, अनस, इमरान सहित मुस्लिम समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

