राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 16 फरवरी, जिले की सड़कों पर कानून का खुला मजाक उड़ाते हुए बिना परमिट संचालित तूफान टैक्सियां बेधड़क दौड़ रही हैं। क्षमता से कहीं अधिक सवारियां भरकर यह वाहन चालक न सिर्फ नियमों को रौंद रहे हैं, बल्कि यात्रियों की जान के साथ खुला खिलवाड़ कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार विभाग सब कुछ देखते हुए भी आंखें मूंदे बैठा है।गौरतलब हो कि विक्रमपुर चौकी अंतर्गत मोर्चा सैलहरी अनाखेड़ा मार्ग पर रोजाना तूफान टैक्सी वाहन संचालक यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ करते नजर आते हैं! पर जिम्मेदारों को ये नजर नहीं आता
सूत्रों के मुताबिक कई वाहनों के पास न वैध परमिट है, न अद्यतन फिटनेस, न बीमा—फिर भी दिनदहाड़े मुख्य मार्गों पर ओवरलोड सवारियों से ठसाठस भरे वाहन फर्राटा भर रहे हैं। एक छोटे से हादसे में भी बड़ी जनहानि हो सकती है, लेकिन न वाहन मालिकों को परवाह है और न ही कार्रवाई करने वालों को।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनके द्वारा जिले के परिवहन विभाग सहित विक्रमपुर चौकी में शिकायत कर चुके हैं! बावजूद इसके प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। सवाल यह उठता है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है? यदि प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी तय करना मुश्किल नहीं होगा। जनता ने मांग की है कि बिना परमिट और ओवरलोड चल रहे वाहनों को तत्काल जब्त कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कों पर कानून का राज कायम हो सके।

