ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 13 फरवरी,मनरेगा के तहत मजदूरों की लंबित मजदूरी भुगतान को लेकर कांग्रेस ने जिला मुख्यालय में अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शहर में रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के व्यापारियों से प्रतीकात्मक रूप से “भीख” मांगी। उनका कहना था कि यदि सरकार के खजाने खाली हैं और मजदूरों को उनका मेहनताना नहीं मिल पा रहा है, तो वे जनता से इकट्ठा की गई यह राशि सरकार को सौंप देंगे, ताकि मनरेगा मजदूरों का बकाया भुगतान किया जा सके।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत काम करने वाले ग्रामीण मजदूर कई महीनों से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनके सामने रोजमर्रा के खर्च और परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है।रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा मजदूरी का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

