आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 16 मई,आयुक्त जबलपुर संभाग अभय वर्मा ग्राम चिचरिंगपुर में अन्नपूर्णा राइस मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्नपूर्णा राइस मिल के कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर मिश्रा ने अवगत कराया कि राइस मिल का संचालन रानी दुर्गावती स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। समूह की अध्यक्ष श्रीमती रुकमणि परस्ते ने आयुक्त श्री वर्मा को राइस मिल के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि समूह में 15 महिलाएं मिलकर धान से चावल बनाने का कार्य कर रही है। ग्रामों से धान मिल तक लाई जाती है, जिससे 1 घंटे में 500 किलोग्राम तक चावल को तैयार किया जा रहा है। वहीं शेष बचे अपशिष्ट को पशु चारा बनाने वाले व्यवसायी खरीद लेते जिससे समूह को लाभ प्राप्त होता है। आयुक्त श्री वर्मा ने राइस मिल में चावल बनने की प्रक्रिया का अवलोकन कर चावल की गुणवत्ता परिक्षण किया। उन्होंने समूह की दीदीयों से राइस मिल से होने वाले लाभ के बारे में चर्चा की।
आयुक्त जबलपुर ने डिंडोरी भ्रमण के दौरान ग्राम कैलवारा में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत सरोवर और मत्स्य पालन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर विकास मिश्रा ने अमृत सरोवर के बारे में बताया कि पूर्व में रिक्त स्थान पर गत वर्ष अमृत सरोवर क निर्माण किया गया है। जिसमें सरप्लस पानी उपलब्ध है, डिंडोरी जिले में अमृत सरोवर के तहत इस सरोवर का कैचमेंट क्षेत्र सबसे बड़ा है। हाल ही में सरोवर में मत्स्य पालन शुरू किया गया है। आयुक्त वर्मा ने मत्स्य समिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिसमें बताया गया कि कुल समिति में 11 सदस्य शामिल है, जिनके द्वारा मत्स्य उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही सरोवर के द्वारा समीपस्थ खेतों में सिंचाई भी की जा रही है। सरोवर क्षेत्र में पार्क का विकास किया जाना प्रस्तावित है।
आयुक्त वर्मा ने उत्पादित मछलियों के गुणवत्ता का परीक्षण किया और कृषकों को ऐसी फसल लगाने की सलाह दी, जिससे अधिक लाभ कमाया जा सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा अनुराग सिंह, तहसीलदार शहपुरा पुष्पेंद्र पेंन्द्रो, सीईओ जनपद पंचायत डिंडोरी निखिलेश कटारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


