कलेक्टर हर्ष सिंह ने विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की,कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई समय सीमा की बैठक - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

कलेक्टर हर्ष सिंह ने विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की,कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई समय सीमा की बैठक

आई विटनेस न्यूज 24 मंगलवार  17  सितम्बर

           कलेक्टर  हर्ष सिंह ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक ली। उन्होंने विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। उक्त बैठक में सीइओ जिला पंचायत  अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर  सरोधन सिंह, एसडीएम शहपुरा  एश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री सुनील शुक्ला, एसडीएम डिंडौरी  रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग  आर.पी. तिवारी, डिप्टी कलेक्टर  वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

       कलेक्टर  हर्ष सिंह ने बैठक में उपस्थित नवागत अधिकारियों का परिचय जिला अधिकारियों से कराया। नवागत सीइओ जिला पंचायत  अनिल कुमार राठौर ने बताया कि 2020 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने गत दिवस ही सीईओ जिला पंचायत डिंडौरी का पदभार ग्रहण किया। नवागत एसडीएम शहपुरा  एश्वर्य वर्मा ने अपने परिचय में बताया कि वह 2022 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।

विभागवार कार्यप्रगति की समीक्षा :- 

       कलेक्टर  हर्ष सिंह ने बैठक में मूर्ति विसर्जन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीएम जनमन के तहत संबंधित विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए पीएम जनमन आवास, विद्युत आपूर्ति, पीएम स्वनिधि, आंगनबाड़ी, आयुष्मान भारत कार्ड, नलजल, आदि की जानकारी ली। उन्होंने पीएम जनमन आवास के तहत गत सप्ताह की प्रगति की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि पिछले सप्ताह 68 आवास पूर्ण हुए हैं। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जनमन आवास के तहत द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि के संबंध में जानकारी ली। और उन्होंने समस्त सीईओ जनपद को आवास निर्माण कार्य में गति लाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जनमन योजना के तहत एमपीईबी के कार्यों की समीक्षा की। जिसमें बताया गया कि गत सप्ताह 42 घरों में पीएम जनमन के तहत विद्युत आपूर्ति शुरू हुई। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने विद्युत आपूर्ति के कार्यां में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। पीएमस्वनिधि एवं पीएम आत्मनिर्भर स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत जारी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए तीनों चरण में स्वीकृत व लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। जिसमें विभाग द्वारा बताया गया कि कैंप का आयोजन कर निरंतर लक्ष्यों की प्राप्ति की जा रही है।

      कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जिले में राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एमडीएम, कल्याणकारी योजना, आईसीडीएस के तहत किए जा रहे राशन वितरण कार्य की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि सभी शासकीय वितरण दुकानों में आपूर्ति की जा रही है। सितम्बर माह में 99.04 प्रतिशत आपूर्ति की जा चुकी है और अक्टूबर माह के लिए राशन का परिवहन एवं संग्रहण शुरू हो चुका है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी हॉस्टल, आंगनवाडी, पीडीएस शॉप आदि में आपूर्ति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। 

    कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने गत सप्ताह की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, ओआरएस वितरण की जानकारी विकासखंड के आधार पर की। उन्होंने सीएमएचओ से वर्तमान में भर्ती रोगियों के संबंध में जानकारी ली। सीएमएचओ द्वारा बताया गया कि डायरिया व अन्य रोगों के प्रसार में कमी आई है। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने पेयजल की शुद्धता के संबंध में जानकारी ली और जलजनित रोगों के प्रसार को रोकने के लिए पीएचई और स्वास्थ्य विभाग को समन्वित होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया की विकासखंड स्तर पर स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध जांच मशीनों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने आयुष्मान कार्ड की बनाने के लिए आयोजित किए जा रहे कैम्पों के स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, डायलिसिस योजना, क्षय रोग, डेंगू, मलेरिया आदि के संबंध में भी जानकारी ली। और तय लक्ष्य की प्राप्ति करने के लिए निर्देशित किया।

     कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने विद्यालयों में पुस्तक वितरण की स्थिति की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। उन्होंने विकासात्मक कार्यों के लिए भूमि आवंटन की स्थिति की समीक्षा की। सभी विभागों को निर्देशित किया कि भूमि आवंटन के मामलों में राजस्व विभाग के साथ कार्य करते हुए विकासात्मक कार्यों की प्रगति को बढ़ाएं। और संबंधित लंबित प्रकरणों को त्वरित रूप से निपटाएं जिससे कार्य प्रगति में तेजी आ सके।

    कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने इसके साथ ही पेंशन प्रकरण, छात्रवृति वितरण, आहार अनुदान योजना, वन अधिकार पट्टे, बिरसामुंडा स्वरोजगार योजना, टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना, खरीफ फसल, उद्यानिकी विभाग के कार्य, बीज वितरण, उर्वरक की उपलब्धता, मिलेट मिशन सहित अन्य विभागीय कार्यां की समीक्षा की।

समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा

     कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सीएम हेल्पलाइन के तहत विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने सभी विभागों को न्यायालयीन लंबित मामलों का निराकरण करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नवंबर माह तक अपने लंबित मामलों का निपटान करें।

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।