ओमप्रकाश परस्ते की री5
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 20 फरवरी,डिंडौरी जिले के प्राथमिक शाला लुटगांव (डुमरी लाल परस्ते) में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल में शौचालय निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की कमी के चलते छात्र-छात्राओं से ईंटें ढोवाई जा रही थीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान शिक्षक डुमरी लाल परस्ते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
लुटगांव प्राथमिक स्कूल में निर्माण कार्य के लिए मजदूर नहीं मिलने पर छात्रों से जबरन ईंटें उठवाई गईं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और शिक्षा विभाग पर सवाल उठने लगे। मामले को संज्ञान में लेते हुए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. संतोष शुक्ला ने दोषी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया।
शिक्षा विभाग की जांच में पाया गया कि प्राथमिक शिक्षक डुमरी लाल परस्ते ने बच्चों से श्रम कराकर शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 1, 2, 3 का उल्लंघन किया। इसके चलते मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के बाद शिक्षक डुमरी लाल परस्ते का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डिंडौरी निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
हालांकि शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह केवल एक व्यक्ति की गलती थी, या फिर स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग की भी लापरवाही है? अगर समय रहते इस पर ध्यान दिया जाता, तो बच्चों के बचपन से खिलवाड़ नहीं होता।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोग और अभिभावक नाराज हैं। वे दोषी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई और शिक्षा विभाग की ओर से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या अगला कदम उठाता है।

