आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 26 जून,जनपद पंचायत शहपुरा में इन दिनों गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रस्तावित सामान्य सभा की बैठक और सामान्य प्रशासन की बैठक दोनों ही निर्धारित समय पर कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गईं।
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत कार्यालय शहपुरा में गुरुवार सुबह 11:30 बजे सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा होनी थी। लेकिन बैठक में जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो के अलावा केवल तीन सदस्य—चमरा सिंह तिलगाम, दुर्गा बाई झारिया और सुरेन्द्र सिंह मार्को—ही पहुंचे। उपाध्यक्ष जितेन्द्र चंदेल समेत अधिकांश जनपद सदस्य बैठक से अनुपस्थित रहे। इससे यह स्पष्ट होता है कि जनपद अध्यक्ष और सदस्यों के बीच मतभेद अभी भी बरकरार हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे भी शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन सदस्यों की अत्यल्प संख्या देख उन्होंने केवल अधिकारियों से चर्चा की और फिर लौट गए। सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण बैठक में कोई प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
इसके अलावा शाम 4 बजे से निर्धारित सामान्य प्रशासन समिति की बैठक भी कोरम पूरा न होने के कारण निरस्त कर दी गई। लगातार दूसरी बैठक के स्थगन से पंचायत स्तर पर विकास और प्रशासनिक कार्यों की गति प्रभावित होना तय माना जा रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवादहीनता और मतभेद की स्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है, जिससे जनहित से जुड़े मुद्दों पर निर्णय टलते जा रहे हैं।