करोड़ों की लागत, लेकिन घटिया निर्माण! - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

करोड़ों की लागत, लेकिन घटिया निर्माण!

आई विटनेस न्यूज 24, शनिवार 2 मई,जिले के बजाग मुख्यालय से सैलवार को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन पुलिया में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्राम बिलाईखार और बजाग के बीच बिजाखन नदी पर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस पुलिया के निर्माण कार्य पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। विभागीय अमला ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर घटिया सामग्री के उपयोग को नजरअंदाज कर रहा है। पुलिया का निर्माण स्वीकृत डिजाइन के अनुसार न होकर मनमाने तरीके से किया जा रहा है, जिससे इसकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया की दीवारों में पहले से ही दरारें (क्रेक) दिखाई देने लगी हैं, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। आरोप है कि निर्माण के दौरान वाइब्रेटर का उपयोग नहीं किया गया, जिससे कंक्रीट की सघनता प्रभावित हुई है। इसके अलावा सेटिंग की गुणवत्ता भी कमजोर बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण की खामियों को छिपाने के लिए प्लास्टर कर सतही रूप से काम को सही दिखाने की कोशिश की जा रही है। इससे भविष्य में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ सकता है, जो आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण साबित हो सकता है।

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले भी समाचार प्रकाशित किए जा चुके हैं, बावजूद इसके न तो ठेकेदार पर कोई ठोस कार्रवाई हुई है और न ही विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई है। इससे ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं और निर्माण कार्य में मनमानी जारी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कर पुलिया को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप बनाया जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।