होली, ईद-उल-फितर, महावीर जयंती, एवं हनुमान जयंती त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक, डीजे पर प्रतिबंध व सख्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

होली, ईद-उल-फितर, महावीर जयंती, एवं हनुमान जयंती त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक, डीजे पर प्रतिबंध व सख्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 23 फरवरी,कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं शासकीय अधिकारियों को आगामी माह में आने वाले प्रमुख त्यौहारों होली (धुरेडी), रंगपंचमी, ईद-उल-फितर, महावीर जयंती, एवं हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी गईं।

       कलेक्टर ने अवगत कराया कि 02 मार्च 2026 को होलिका दहन, 04 मार्च 2026 को होली/धुरेडी, 08 मार्च 2026 को रंगपंचमी तथा 21 मार्च 2026 को (चाँद दिखने की स्थिति में) ईद-उल-फितर, 31 मार्च को महावीर जयंती एवं 02 अपै्रल को हनुमान जयंती का पर्व मनाया जाएगा। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

होली/धुरेड़ी एवं रंगपंचमी के संबंध में निर्देश

     कलेक्टर ने होलिका दहन लकड़ियों के स्थान पर गौ-काष्ठ एवं कंडों से किए जाने की अपील की, ताकि लकड़ी की बचत हो सके। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि होली के दौरान जबरन चंदा वसूली न की जाए, मार्गों में पत्थर अथवा अवरोध न रखे जाएं तथा प्रतिबंधित रंग, पेंट, कीचड़ आदि का प्रयोग न किया जाए। रंग लगाने के इच्छुक न होने वाले व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती न करने की हिदायत दी गई।

होलिका दहन विद्युत एवं टेलीफोन लाइनों/खंभों से दूर तथा मुख्य मार्गों व सार्वजनिक चौराहों के मध्य न किए जाने के निर्देश दिए गए। राह चलते व्यक्तियों से अनावश्यक वसूली अथवा दबाव बनाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

    पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन से लेकर रंगपंचमी तक लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि कहीं भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और आवागमन बाधित न हो। आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

    चूंकि जिले में हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हैं, अतः ध्वनि विस्तारक यंत्र अत्यंत धीमी आवाज में उपयोग किए जाने तथा डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए। अधिक ध्वनि या डीजे का उपयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर संबंधित थाना/चौकी में शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी, जिस पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।

विद्युत विभाग को त्यौहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष दल गठित करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा पीडब्ल्यूडी एवं नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई एवं मार्गों के मरम्मतीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

ईद-उल-फितर के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं

     बैठक में बताया गया कि 21 मार्च 2026 को (चाँद दिखने की स्थिति में) ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः लगभग 3ः00 बजे से 8ः30 बजे तक ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सम्मिलित होंगे, जिनकी संख्या लगभग एक हजार से अधिक होने का अनुमान है।

       मस्जिद कमेटियों से आग्रह किया गया कि वे पर्व में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों की संभावित संख्या एवं आयोजन स्थलों की जानकारी पुलिस विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। नमाज के उपरांत श्रद्धालु अपने मृतक परिजनों की कब्रों पर दुआ करने हेतु कब्रिस्तान जाते हैं।

डिण्डौरी नगर के अतिरिक्त शहपुरा, शाहपुर, विक्रमपुर, गाड़ासरई, गोरखपुर, मुडकी, भानपुर एवं घानामार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कोई भी डीजे अधिक आवाज में चलाएं न मानने पर उनके डीजे को सील करते हुए कार्यवाही की जाए। साथ ही साथ दोपहिया वाहन चलाते समय हैलमेट का उपयोग करने तथा चार पहिया वाहन चालकों को हमेशा शीटबेल्ट लगाने के निर्देश दिए तथा गांव गांव मे चल रहे शादी-बारात, धार्मिक स्थल, रैलियों में अधिक आवाज के साथ डीजे चलाने वालों पर भी कार्यवाही की जाए। जिन डीजे वालों ने अनुमति ले रखी है उन्हें रात्रि 10.00 बजे के बाद डीजे न बजाएं।

   कलेक्टर ने शहर में दूध विक्रेताओं को वितरण के दौरान न रोकने एवं नगर परिषद अधिकारी को उचित स्थानों पर नगर क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर साफ-सफाई,  पानी के टेंकर रखने के निर्देश दिए ताकि प्रतिभागियों पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही साथ आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि होली के दिन शुष्क दिवस घोषित किया जाए। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि शराब एवं नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं।

       अंत में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए होली, धुरेडी, रंगपंचमी एवं ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का आह्वान करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

   बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, अपर कलेक्टर  जेपी यादव, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग  रामबाबू देवांगन, एसडीओपी  विवेक गौतम, थाना प्रभारी  दुर्गाप्रसाद नगपुरे, होमगार्ड कमांडेड,  अशोक अवधिया, रजनीश राय, पूर्व विधायक  दुलीचंद उरैती, डॉ. इकबाल ,  कैलाशचंद जैन,  महेश पाराशर,  राजेन्द्र परमार, भूरे भाईजान, ब्रजेश दीक्षित तहसीलदार डिंडौरी  रामप्रसाद मार्को, नगर परिषद अधिकारी अमित तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी  चेतराम अहिरवार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।