आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 25 मार्च, जिले की डिण्डोरी नगर पंचायत एक बार फिर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर चर्चा में है। नगर पंचायत द्वारा रोशनी ट्रेडर्स को विभिन्न बिलों के आधार पर कुल 2,41,904 रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें गंभीर गड़बड़ियों की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, भुगतान के लिए भोपाल, डिण्डोरी और सक्का जैसे अलग-अलग पतों के बिलों का उपयोग किया गया। हैरानी की बात यह है कि इन सभी बिलों में दर्ज बैंक विवरण एक समान पाए गए, जिससे बिलों की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले में यह भी सामने आया है कि संबंधित बिलों में जीएसटी का कोई उल्लेख नहीं है और न ही निर्धारित वित्तीय प्रक्रिया का पालन किया गया। भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में केवल बिल संलग्न पाए गए हैं, जबकि नोटशीट और एसएपी वाउचर जैसे दस्तावेजों की मौजूदगी भी इस पूरे लेन-देन को संदिग्ध बनाती है।
सूत्रों का दावा है कि ये बिल कथित रूप से जाली हो सकते हैं और इन्हें नगर पंचायत के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से पास कराया गया। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सीधे तौर पर सरकारी कोष के दुरुपयोग का मामला बनता है।
इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हालांकि, इस गंभीर आरोप पर अब तक नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
हम खबर के माध्यम से स्थानीय शासन व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार को लगातार आईना दिखाते आ रहे है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या डिण्डोरी नगर पंचायत भ्रष्टाचार के ऐसे ही उदाहरण पेश करता रहेगा या फिर प्रशासन इसकी पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाएगा। जिले की जनता जवाब का इंतजार कर रही है।

