कलेक्टर के आदेश के बावजूद धड़ल्ले से हो रहा बोर उत्खनन, प्रशासन की सख्ती पर उठे सवाल
राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 25 मार्च, जिले में कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया द्वारा जारी किए गए बोर उत्खनन प्रतिबंध के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिले को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बाद फरवरी माह में प्रशासन ने बिना अनुमति बोरिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी थी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मेहदवानी जनपद मुख्यालय स्थित रेस्ट हाउस के पीछे बिना किसी अनुमति के खुलेआम बोरिंग का कार्य जारी है। प्रतिबंध के बावजूद मशीनों की आवाज लगातार गूंज रही है, जिससे साफ जाहिर होता है कि नियमों की अनदेखी बेखौफ होकर की जा रही है।
इस पूरे मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां आम नागरिकों को नियमों का पालन करने के लिए सख्ती दिखाई जाती है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम हो रहे इस उल्लंघन पर जिम्मेदारों की चुप्पी समझ से परे है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले में जल संकट और गहरा सकता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

