आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 31 मार्च जिले के चंद्रविजय कॉलेज डिंडोरी की प्रतिभाशाली छात्रा चांदनी नरेती ने छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत 62किलोग्राम वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
चांदनी नरेती ने कड़े मुकाबलों के बीच अपने हुनर और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए यह सफलता अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे डिंडोरी जिले का नाम प्रदेश और देश स्तर पर रोशन किया है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने चांदनी नरेती को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि चांदनी की यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाले समय में और भी युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं शिक्षकों ने भी चांदनी नरेती को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

