शहपुरा बाईपास में पुल निर्माण पर उठे सवाल, तकनीकी मानकों की अनदेखी के आरोप - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

शहपुरा बाईपास में पुल निर्माण पर उठे सवाल, तकनीकी मानकों की अनदेखी के आरोप


 बिना बेस और पीसीसी के डाले जा रहे पाइप, निगरानी तंत्र पर उठे सवाल

आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 30 मार्च,जबलपुर। जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे मार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौते का गंभीर मामला सामने आया है। कुण्डम से शहपुरा तक चल रहे सड़क निर्माण के दौरान शहपुरा बाईपास स्थित शारदा टेकरी के पास बन रहे पुल में तय तकनीकी मानकों की अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पुल निर्माण का काम पेटी ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण के दौरान जरूरी तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा। बताया जा रहा है कि पुल के नीचे पाइप डालने से पहले न तो मजबूत बेस तैयार किया गया और न ही पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) की ढलाई की गई। इसके बावजूद सीधे पाइप डालकर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

क्या कहते हैं तकनीकी मानक

सड़क और पुल निर्माण से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार किसी भी पुल याकलवर्ट के निर्माण में सबसे पहले जमीन को समतल कर मजबूत आधार तैयार किया जाता है। इसके बाद पीसीसी की परत डाली जाती है, जिससे संरचना को स्थायित्व और मजबूती मिलती है। यदि इन चरणों को नजरअंदाज किया जाए तो पूरी संरचना कमजोर हो सकती है और भविष्य में दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस तरह का निर्माण कार्य बरसात के दौरान बड़े खतरे में बदल सकता है। तेज जल प्रवाह की स्थिति में कमजोर नींव वाला पुल धंस सकता है या बह सकता है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं।

इतने बड़े हाईवे प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इंजीनियरों और विभागीय अधिकारियों की निगरानी अनिवार्य होती है। इसके बावजूद यदि इस तरह की अनियमितताएं सामने आ रही हैं, तो निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही यदि मानकों की अनदेखी साबित होती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होगी।


Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।