आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 1 अप्रैल, किसलपुरी। ‘स्कूल चले हम’ अभियान के अंतर्गत बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को शासकीय एकीकृत बालक माध्यमिक शाला किसलपुरी में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने की।
इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री योगेंद्र प्रसाद तिवारी (सीआरपीएफ जवान) ने विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान विशेष भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के तहत आमंत्रित अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित कर ग्राम के 6 से 14 वर्ष तक के शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव में चयनित कक्षा आठवीं के छात्र रणवीर शाह मसराम एवं कक्षा पांचवीं के छात्र हरिओम बर्मन को शाला परिवार द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शाला परिवार के शिक्षक पवन साहू, अनिल साहू, सरोजनी मरावी, प्रियंका धुरैया एवं रामेंद्र सरठिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक माहौल के साथ हुआ।

