आई विटनेस न्यूज 24, शनिवार 30 मई,प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियों को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने का आदेश जारी किया है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 30 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान जनगणना एवं बोर्ड परीक्षा संबंधी कार्य भी संपादित किए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों के स्वास्थ्य हित में यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार शिक्षकों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई 2026 से 7 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। इससे पूर्व जारी अवकाश आदेश में संशोधन करते हुए यह अवधि बढ़ाई गई है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दशहरा, दीपावली एवं शीतकालीन अवकाश पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार यथावत रहेंगे।

