आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 17 जून,जनपद पंचायत मेहदवानी परिसर में बुधवार को आयोजित जनकल्याणकारी शिविर अव्यवस्थाओं और कम उपस्थिति को लेकर विवादों में घिर गया। शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन पर प्रचार-प्रसार में लापरवाही और मूलभूत सुविधाओं की कमी के आरोप लगाए। वहीं अधिकारियों का कहना है कि शिविर का आयोजन गुरुवार को भी किया जाएगा और शेष पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
शिविर में अपेक्षित संख्या में हितग्राही नहीं पहुंचने से परिसर में लगी कई कुर्सियां खाली दिखाई दीं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर की पर्याप्त जानकारी नहीं पहुंचाई गई, जिसके कारण बड़ी संख्या में पात्र लोग लाभ लेने से वंचित रह गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्रावती धुर्वे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिविर की सूचना गांव-गांव तक नहीं पहुंचाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अधिकारियों ने शिविर के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद हितग्राहियों के लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष राम प्रसाद टेकाम ने आयोजन को महज औपचारिकता बताते हुए कहा कि प्रचार-प्रसार और समुचित व्यवस्थाओं के अभाव में अनेक जरूरतमंद ग्रामीण योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके।
शिविर में बुधवार को लगभग 30 हितग्राहियों को संबल योजना, कल्याणी पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा दिव्यांगजन योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं लाभ वितरित किए गए। अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को भी शिविर जारी रहेगा, जिसमें शेष पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद शिविर की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब निगाहें गुरुवार को आयोजित होने वाले शिविर पर टिकी हैं, जहां प्रशासन के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना चुनौती होगा।

