आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 14 अगस्त,मध्यप्रदेश भारतीय मजदूर संघ और राज्य कर्मचारी संघ एवं उससे संबद्ध संगठनों ने कर्मचारियों और शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर 17 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय में आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
संघ के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की 30 सूत्रीय मांगों में नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ देने, वर्ष 2010 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को "टीईटी" संबंधी शर्तों से मुक्त करने, पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारियों के ई-अटेंडेंस संबंधी प्रावधानों में सुधार तथा मंत्रालय कर्मचारियों के समान वेतनमान लागू करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। इन मांगों को लेकर लंबे समय से शासन स्तर पर निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।
जिला कर्मचारी संघ ने जिले के सभी तहसील एवं विकासखंडों के कर्मचारियों, शिक्षकों और पदाधिकारियों से 17 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित होगा।
संघ की जिला जिला बॉडी ने बताया कि आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

