आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 4 अगस्त,कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, अवैध कब्जा, सड़क, विद्युत सुविधा, मजदूरी भुगतान, आम रास्ता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, छात्रवृत्ति तथा अधूरे विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान विकासखंड शहपुरा की ग्राम पंचायत करौंदी के ग्रामीणों ने ग्राम रोजगार सहायक पर आवास प्लस सर्वे सहित अन्य योजनाओं में भेदभावपूर्ण कार्य करने का आरोप लगाते हुए उसे हटाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम मुकुटपुर निवासी विशाल शर्मा ने बीएसएनएल के कार्य में लगाई गई अपनी जेसीबी मशीन का लंबित किराया दिलाने की मांग की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम मुडकी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाकर आम रास्ता बहाल कराने की मांग की, जिस पर तहसीलदार डिंडौरी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार छात्रा सुश्री आराधना चंदेल ने छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन प्रदर्शित नहीं होने से छात्रवृत्ति एवं आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या रखी, जिस पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, डिंडौरी के प्राचार्य को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम बरबसपुर निवासी राजेन्द्र सिंह मरावी ने प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र ओझाटोला में तीन माह से लंबित मजदूरी भुगतान की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी को प्रकरण की जांच कर तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान उपस्थित सभी आवेदकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थय परीक्षण भी किया गया। स्वास्थय विभाग की टीम द्वारा रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थय जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।

