गांजे की सूचना देने वालों पर ही शिकंजा! थाना प्रभारी शाहपुर केवल सिंह परते का ‘भौकाल’, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

गांजे की सूचना देने वालों पर ही शिकंजा! थाना प्रभारी शाहपुर केवल सिंह परते का ‘भौकाल’, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार

राजेश ठाकुर की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 25 अगस्त, सूचना देने वाले ग्रामीण ही जब पुलिस की पूछताछ और संदेह के घेरे में आ जाएं तो मामला कई सवाल खड़े कर देता है। ऐसा ही मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदूमेर मोहत्तरा से सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में खड़ी एक अज्ञात लग्जरी कार की सूचना पुलिस को देने के बाद अब पुलिस उन्हीं ग्रामीणों से लगातार पूछताछ कर रही है और उन्हें घंटों थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार 6 अगस्त 2026 को गांव में एक लग्जरी कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल-112 को दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने शाहपुर थाना प्रभारी केवल सिंह परते को फोन कर गांव में अज्ञात कार खड़ी होने की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। कार की तलाशी लेने पर उसमें से करीब चार किलो गांजा बरामद होने की बात सामने आई।

पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई किए जाने के बाद अब गांव के करीब आठ लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस द्वारा उन्हें सुबह से थाने बुलाकर दिनभर बैठाया जा रहा है। लगातार पूछताछ के चलते ग्रामीणों के साथ-साथ ग्राम पंचायत के सरपंच भी मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों का सबसे बड़ा सवाल पुलिस द्वारा करीब ढाई लाख रुपये, कार की बैटरी, स्टेपनी और अन्य सामग्री को लेकर की जा रही पूछताछ पर है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस उनसे यह जानकारी लेने का प्रयास कर रही है कि कार से उक्त सामग्री और रकम गायब कैसे हुई।

ग्रामीणों का सवाल है कि यदि पुलिस को कार में ढाई लाख रुपये और अन्य सामान होने की जानकारी है तो यह जानकारी उसे आखिर कहां से मिली? कार की बैटरी, स्टेपनी और कथित रकम के संबंध में पुलिस को जानकारी किसने उपलब्ध कराई? ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने केवल संदिग्ध वाहन की सूचना पुलिस को दी थी, तो अब उन्हें ही इन सामानों के संबंध में पूछताछ के लिए क्यों बुलाया जा रहा है।

लगातार थाने बुलाए जाने और पूछताछ से परेशान ग्रामीण मंगलवार को डिंडौरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नाम शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने से राहत दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों ने शिकायत में पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि गांजे की बरामदगी के बाद वाहन से कथित रूप से गायब हुई रकम और अन्य सामग्री के संबंध में पुलिस के पास जानकारी किस स्रोत से पहुंची और ग्रामीणों को लगातार पूछताछ के लिए थाने क्यों बुलाया जा रहा है।

मामले में जिम्मेदार अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधिवत जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ग्रामीणों से की जा रही पूछताछ के पीछे पुलिस के पास क्या आधार है और वाहन से संबंधित ढाई लाख रुपये व अन्य सामग्री को लेकर सामने आए आरोपों की वास्तविकता क्या है।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।