डिंडौरी में अकीदत से मनाया ईद मिलादुन्नबी का जश्न, शाहपुर में भी दिखा धार्मिक उल्लास - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

डिंडौरी में अकीदत से मनाया ईद मिलादुन्नबी का जश्न, शाहपुर में भी दिखा धार्मिक उल्लास

ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 27 अगस्त, जिलेभर में मुस्लिम समुदाय द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी बड़े उत्साह और अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह लंगर का आयोजन कर लोगों को भोजन कराया गया और एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी गई।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर डिंडौरी नगर में सुबखार मस्जिद से कलेक्ट्रेट चौराहे तक जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। धार्मिक नारों, नात और दरूदो-सलाम की सदाओं के बीच जुलूस आगे बढ़ा, जिससे पूरे मार्ग पर धार्मिक उल्लास का माहौल नजर आया।

जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल जुलूस के साथ तैनात रहा और पूरे मार्ग पर व्यवस्था संभालता नजर आया। शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए।

कस्बा शाहपुर में भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुबारक अवसर बड़े जोश, अकीदत और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रमों में शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा की विलादत की खुशी का इजहार किया।

इस्लामी रिवायत के अनुसार 12 रबीउल अव्वल का दिन मुसलमानों के एक बड़े तबके द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा के यौमे विलादत के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर महफिले मिलाद, नातख्वानी, दरूदो-सलाम और जुलूस सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

शाहपुर में भी नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम की सदाओं से माहौल रूहानी नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी तथा क्षेत्र में अमन, खुशहाली, भाईचारे और तरक्की की दुआ की।

ईद मिलादुन्नबी का यह अवसर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करने और अमन, मोहब्बत, भाईचारे, इंसाफ तथा इंसानियत का संदेश आगे बढ़ाने के रूप में भी मनाया गया। डिंडौरी और शाहपुर में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी ने धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।