ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 23 अक्टूबर,सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचीन डिण्डौरी में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने विद्यार्थियों की मानसिक दक्षता विकसित करने तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है।
सहायक आयुक्त राजेन्द्र जाटव द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालयों संस्थाओं एवं संकुल स्तर पर शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिक्षकों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए नवीन कार्ययोजना तैयार कर उनके निराकरण की दिशा में संकल्पबद्ध होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, डिण्डौरी के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचीन डिण्डौरी के कार्यवाहक प्राचार्य गिरीश मोहारे (उच्चतर माध्यमिक शिक्षक) के नेतृत्व में पी.डी. बसेश, पदम बिल्थरे, श्रीमती सुमन तिवारी, श्रीमती सुजाता धुर्वे एवं संतोषी धुर्वे सहित अन्य शिक्षकों के सम्मिलित प्रयासों से विद्यालय में नवीन कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियां
विद्यालय में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, रचनात्मक सोच विकसित करने तथा अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला, रंगोली, मानसिक विकास से संबंधित क्विज प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
शिक्षक समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल स्तर पर कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की विभिन्न विभागीय एवं सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए भी विशेष पहल की गई। इसमें वेतन विसंगति, क्रमोन्नति, पदोन्नति, लंबित एरियर्स भुगतान, नामांकन, नवीन सेवा अभिलेखों का संधारण तथा राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
इस क्रम में नवनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं दीपांशु पारधी (प्राथमिक शिक्षक, खेल), युवराज मसराम (प्राथमिक शिक्षक, विज्ञान), श्रीमती सुमन राठौर (प्राथमिक शिक्षक, विज्ञान), श्रीमती अजरा परवीन खान (प्राथमिक शिक्षक) एवं हिमेश बर्मन (प्राथमिक शिक्षक) के नवीन सेवा अभिलेख अर्थात सर्विस बुक के संधारण, नामांकन तथा एन.पी.एस. से संबंधित आवश्यक कार्यवाहियां संकुल स्तर पर संपादित की गईं।
इसी प्रकार सुरेश परस्ते (प्राथमिक शिक्षक), प्राथमिक शाला खाम्ही; श्रीमती हेमवती ठाकुर, माध्यमिक शाला धमनगांव; श्रीमती अनुवाला सोनी एवं श्रीमती पुष्पलता मरावी, प्राथमिक शाला भोंदू टोला; तथा श्रीमती मंजू परस्ते एवं श्रीमती पार्वती मार्को, प्राथमिक शाला विदयपुर से संबंधित क्रमोन्नति वेतन निर्धारण, चिकित्सा अवकाश एवं लंबित क्रमोन्नति एरियर्स से जुड़े प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई।
इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों को विभागीय प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना, सेवा अभिलेखों को व्यवस्थित करना तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं शैक्षणिक नवाचार पर विशेष जोर
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने यह संकल्प लिया है कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे संस्था स्तर पर निरंतर चलने वाली शैक्षणिक पहल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं मानसिक दक्षता बढ़ाने, अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करने तथा नई-नई तकनीकों और शिक्षण विधियों के माध्यम से शैक्षणिक नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विद्यालय में नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। विशेष रूप से पीएमटी, पीएटी एवं आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सफलता दिलाने के उद्देश्य से विषयवार मार्गदर्शन एवं विशेष अध्यापन की रूपरेखा तैयार की गई है।
इस दिशा में श्रीमती सुमन तिवारी (माध्यमिक शिक्षक, विज्ञान), संतोषी धुर्वे (माध्यमिक शिक्षक, विज्ञान), श्रीमती अंजुलता पतोहिया (माध्यमिक शिक्षक, कृषि) एवं पदम बिल्थरे (माध्यमिक शिक्षक) द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए अध्यापन कार्य कराया जा रहा है।
निरंतर सुधार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संकल्प
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचीन डिण्डौरी के शिक्षक-शिक्षिकाओं की यह पहल सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक नवाचार तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया है कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा शिक्षकों के सेवा संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए सामूहिक प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।

