पारिवारिक कलह से आहत महिला ने नर्मदा पुल से लगाई छलांग, युवकों की सूझबूझ से बची जान - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

पारिवारिक कलह से आहत महिला ने नर्मदा पुल से लगाई छलांग, युवकों की सूझबूझ से बची जान

आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 6 अगस्त,जिला मुख्यालय में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने नर्मदा पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और नर्मदा घाट पर स्नान कर रहे युवकों की सतर्कता व साहस के चलते महिला की जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे एक 28 से 30 वर्षीय महिला नर्मदा पुल पर रोती-बिलखती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में गिरते देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया। इसी दौरान एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना नर्मदा के तेज बहाव में छलांग लगा दी और अन्य लोगों की मदद से महिला को पुल से लगभग 100 मीटर दूर गायत्री घाट के पास सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नदी से बाहर निकालने के बाद महिला लगातार रोती रही और पारिवारिक लड़ाई-झगड़े से परेशान होने की बात कहती रही। घाट पर मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तथा पुलिस में शिकायत करने की सलाह भी दी, लेकिन महिला ने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। काफी पूछताछ के बावजूद उसने अपना नाम और पता भी नहीं बताया।

घटना की सूचना मिलने पर महिला का ममेरा भाई गायत्री घाट पहुंचा। उसने बताया कि महिला एक दिन पहले से घर से लापता थी। काफी समझाइश के बाद वह अपनी बहन को अपने साथ घर ले गया। सूत्रों के अनुसार महिला कुकर्रामठ क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

 प्रत्यक्षदर्शी  ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे महिला रोते हुए पुल के आसपास घूमती दिखाई दी थी। इसके कुछ देर बाद उसने नदी में छलांग लगा दी।

फिलहाल महिला ने अपने परिजनों के विरुद्ध किसी प्रकार की शिकायत करने से इनकार किया है। समय रहते स्थानीय लोगों और युवक की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।