राय सिटी के पास झोपड़ी में मिला महिला का शव, मौत की वजह बनी पहेली - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

राय सिटी के पास झोपड़ी में मिला महिला का शव, मौत की वजह बनी पहेली

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 11 अगस्त, जिला मुख्यालय के जबलपुर बाईपास स्थित राय सिटी के समीप सड़क किनारे झोपड़ी में संचालित दुकान के अंदर करीब 48 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लता बाई नागेश, निवासी भैंसलगान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लता बाई नागेश अपने पति रामदीन नागेश के साथ जबलपुर बाईपास स्थित राय सिटी के पास सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही थीं। बताया गया कि मृतका के पति राय सिटी में चौकीदारी का काम करते हैं। इसी झोपड़ी में दुकान भी संचालित होती थी। मंगलवार को महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को जांच में लेते हुए मर्ग कायम करने की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हत्या की आशंका के संबंध में पुलिस से पूछे जाने पर अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल ऐसी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मौके से संबंधित अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच तथा आवश्यक रिकवरी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं मृतका के पति रामदीन नागेश ने बताया कि वह रात में वहां से निकल गए थे और सुबह जबलपुर से वापस लौटे। इसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई।

फिलहाल महिला की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत स्वाभाविक थी, हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।