पत्नी के मायके जाने से तनाव में था युवक? सल्फास खाकर दी जान, पुलिस मोबाइल चैट और कॉल डिटेल खंगालेगी - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

पत्नी के मायके जाने से तनाव में था युवक? सल्फास खाकर दी जान, पुलिस मोबाइल चैट और कॉल डिटेल खंगालेगी

आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 5 अगस्त,जिले के किसलपुरी गांव में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां 30 वर्षीय युवक सौरभ पाठक ने कथित रूप से सल्फास का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार सौरभ रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर गया था। लौटने के बाद वह पास के होटल में चाय पीकर घर आया और सल्फास की गोली खा ली। इसके बाद उसने अपने सो रहे पिता सतीश पाठक को जगाकर उनके पैर पकड़कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतक के पिता सतीश पाठक ने बताया कि सौरभ उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने उसे इंजीनियरिंग तक पढ़ाया था। दिसंबर 2025 में उसकी शादी शहडोल जिले के बुढ़ार निवासी अशोक पांडेय की बेटी से हुई थी। 

परिजनों का आरोप है कि 3 मई को सौरभ की पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार बहू और उसके मायके पक्ष से संपर्क कर उसे वापस भेजने का अनुरोध किया, लेकिन कथित तौर पर उन्हें यह कहकर मना कर दिया गया कि अभी एक वर्ष तक बेटी को नहीं भेजेंगे। परिवार का यह भी आरोप है कि बहू द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से सौरभ मानसिक तनाव में था।

वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना बहू के मायके में दे दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 इस मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप उनकी ओर से किए गए दावे हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।