डेढ़ साल से विकास की खुदाई में फंसा अझवार का रास्ता! - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

डेढ़ साल से विकास की खुदाई में फंसा अझवार का रास्ता!


 पुलिया निर्माण में बार-बार बंद हुआ पानी का रास्ता; घुटनों से ऊपर गंदे पानी में आवागमन को मजबूर ग्रामीण


राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 18 सितम्बर, अझवार विकास कार्यों के नाम पर सड़क और पुलिया का निर्माण हो रहा है, लेकिन बस स्टैंड अझवार से आवास मोहल्ले तक जाने वाला आम रास्ता पिछले करीब डेढ़ साल से ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। पाली-बटौंधा सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड आज तक व्यवस्थित नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा एप्रोच रोड बनाकर देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

सड़क निर्माण से शुरू हुई परेशानी, अब पानी ने बढ़ाई मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के समय सीसी रोड को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसके बाद मार्ग पर गिट्टी, रेत सहित निर्माण सामग्री रखे जाने से आवागमन में लगातार परेशानी होती रही। ग्रामीण उम्मीद लगाए बैठे रहे कि निर्माण पूरा होने के बाद रास्ते को दुरुस्त कर एप्रोच रोड बनाई जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

इसके बाद पुलिया निर्माण के दौरान जेसीबी से मिट्टी की खुदाई कर पानी के निकास को बाधित कर दिया गया। बारिश शुरू होते ही समस्या ने विकराल रूप ले लिया और आम रास्ते पर पानी भरने लगा।

ग्रामीणों के विरोध के बाद पानी निकालने के लिए अस्थायी नाली बनाई गई। कुछ समय के लिए पानी की निकासी हुई, लेकिन पुलिया की साइड वॉल बनाने के दौरान दोबारा जेसीबी से मिट्टी खोदने पर पानी का रास्ता फिर बंद हो गया।

स्थिति यह हो गई कि बारिश के बाद रास्ते में घुटनों से ऊपर तक गंदा और मटमैला पानी जमा हो गया। ग्रामीणों के सामने घर से निकलना और इस रास्ते से गुजरना तक मुश्किल हो गया। विरोध के बाद एक बार फिर अस्थायी नाली बनाकर पानी निकालने की कवायद की गई।


आखिर कब तक चलेगा अस्थायी इंतजाम का खेल?


ग्रामीणों का कहना है कि समस्या कोई एक-दो दिन की नहीं है। करीब डेढ़ साल से निर्माण कार्य के कारण परेशानी झेल रहे लोगों को अब स्थायी समाधान चाहिए। बार-बार पानी निकासी के लिए अस्थायी नाली बनाना और फिर निर्माण कार्य के दौरान उसे बंद कर देना समस्या का समाधान नहीं है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब निर्माण एजेंसी को सड़क और पुलिया का काम करना है तो पानी निकासी और आवागमन की स्थायी व्यवस्था पहले से क्यों नहीं की गई? क्या निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों के आवागमन की सुविधा और जल निकासी का ध्यान रखना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी नहीं है?

ग्रामीणों की मांग है कि पानी निकासी की उचित एवं स्थायी व्यवस्था तत्काल की जाए और बस स्टैंड से आवास मोहल्ले तक क्षतिग्रस्त सीसी रोड पर एप्रोच रोड का निर्माण कराया जाए। ताकि बारिश के दिनों में लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरने की मजबूरी न रहे।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और रास्ते में जलभराव के कारण कोई अप्रिय स्थिति बनती है, तो इसकी जवाबदारी संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी की होगी।


Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।