मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, दो दिन बाद बारिश और ओले गिरने की आशंका - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, दो दिन बाद बारिश और ओले गिरने की आशंका

आई विटनेस न्यूज़ 24,  उत्‍तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते फिलहाल राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। रात में जहां सर्द हवाओं से प्रदेश ठिठुर रहा है, वहीं दिन में भी सिहरन बरकरार है। उधर दो दिन बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। दो जनवरी से बादल छाने लगेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के उत्तरी भाग में रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। ग्वालियर, दतिया में तो पारा तीन डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा है। उधर छत्तीसगढ़ पर एक प्रति चक्रवात बना होने से पश्चिमी मध्यप्रदेश में आंशिक बादल छाने लगे हैं। इससे रात के तापमान में अधिक गिरावट नहीं हो पा रही, लेकिन बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। साथ ही हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रहने से दिन में सिहरन बरकरार है।

शुक्ला के मुताबिक छत्तीसगढ़ पर बने सिस्टम के कारण अपेक्षाकृत नमी नहीं मिल पाने के कारण फिलहाल बरसात की संभावना नहीं है, लेकिन दो दिन बाद प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का सम्मिलन होने की संभावना है। इस सिस्टम के कारण मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने लगेगा। इसके असर से ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल और उज्जैन संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ रुक-रुक बरसात होने का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। मौसम का इस तरह का मिजाज दो-तीन दिन तक बना रह सकता है |

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।