महाराष्ट्र: अस्पताल में आग लगने से एक से तीन महीने के 10 बच्चों की मौत - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

महाराष्ट्र: अस्पताल में आग लगने से एक से तीन महीने के 10 बच्चों की मौत

महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार की देर रात सरकारी अस्पताल में आग लग गई. इस हादसे में 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं.

मुंबई-:आई विटनेस न्यूज24, महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार की देर रात सरकारी अस्पताल में आग लग गई. इस हादसे में 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं. सीएम उद्धव ठाकरे ने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे से भी बात की. सीएम ने भंडारा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी बात कर हादसे के संबंध में जानकारी ली है.

वहीं, महाराष्ट्र के गृह मंत्री भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. गृह मंत्री विमान से नागपुर रवाना हुए, जहां से वे भंडारा जाएंगे. भंडारा पहुंचकर वे सरकारी अस्पताल का दौरा करेंगे और पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट लेंगे. भंडारा हादसे में 10 नवजात की मौत के बाद अब सरकार एक्शन मोड में आ गई है.

डिप्टी सीएम अजीत पवार ने हर अस्पताल के शिशु वार्ड में सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए हैं. दूसरी तरफ, हादसे को लेकर भंडारा के जिलाधिकारी संदीप कदम ने कहा कि करीब 2 बजे रात में आग लगी जिसमें 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि हम 7 शिशुओं की जान बचाने में सफल रहे.

भंडारा के जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी समिति यह जांच करेगी कि आग लगने की इस घटना के पीछे क्या वजह थी. इस हृदय विदारक हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी समेत कई नेताओं ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि महाराष्ट्र के भंडारा में हुए अग्नि हादसे में शिशुओं की असामयिक मौत से गहरा दुख हुआ है. उन्होंने इस हृदय विदारक हादसे में अपनी नवजात संतान खोने वाले परिवारों के प्रति भी संवेदना व्यक्त किया है.



Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।