आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 4 सितम्बर,कलेक्टर के निर्देश एवं नप अध्यक्ष के आदेश पर मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम दो फॉगिंग मशीनों से जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार हो रहा है छिड़काव, नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील
वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही नगर में संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए नगर परिषद डिंडोरी द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं फॉगिंग अभियान प्रारंभ किया गया है।
कलेक्टर के प्राप्त निर्देशों के परिपालन में एवं नगर परिषद अध्यक्ष के स्पष्ट आदेश के क्रम में, नगर के सभी वार्डों में जलभराव एवं दूषित पानी जमा होने वाले संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर विशेष फॉगिंग कार्य कराया जा रहा है। दो मशीनों से निरंतर हो रहा है छिड़काव
निकाय द्वारा नगर के गली-मोहल्लों, नालियों के समीपवर्ती क्षेत्रों और निचले जलभराव वाले इलाकों में मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने तथा नागरिकों को डेंगू, मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए २ नग बड़ी फॉगिंग मशीनों को काम पर लगाया गया है। रूट चार्ट के अनुसार प्रतिदिन विभिन्न वार्डों में रोटेशन के आधार पर सघन फॉगिंग कराई जा रही है, जिसमें मुख्य रूप से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है जहाँ वर्षा का पानी थमा हुआ है।
अध्यक्ष द्वारा नगर परिषद के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अमले को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि वर्षा काल के दौरान जल निकासी, साफ-सफाई और मच्छर नियंत्रण व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग की जाए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने बताया कि फॉगिंग अमले को नियमित रूप से सक्रिय रखने के साथ-साथ वार्ड प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा केमिकल के छिड़काव हेतु पाबंद किया गया है।
नगर परिषद डिंडोरी द्वारा इस अभियान की सफलता के लिए आम जनमानस से भी सक्रिय सहयोग की अपील की गई है। निकाय ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों के आसपास, छतों पर, पुराने टायरों, कूलरों, पानी की टंकियों एवं अन्य अनुपयोगी पात्रों में लंबे समय तक पानी जमा न होने दें। पानी के बर्तनों को ढक कर रखें और हर संडे 'ड्राई डे' के रूप में मनाते हुए जमा पानी को साफ करें।
नगर परिषद डिंडोरी समस्त नगर वासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुदृढ़ सुरक्षा एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध और प्रयासरत है।

