शहपुरा-:आई विटनेस न्यूज24,शासकीय उचित मूल्य बरखेड़ा की दुकान से हितग्राहियों का गेहूं बाजार में दुकान में बेचने की सूचना पर पुलिस द्वारा माननीय पुलिस अधीक्षक डिंडोरी के निर्देशन पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शाहपुरा अखिलेश दाहिया द्वारा तत्काल टीम गठित कर मौके पर जाकर कार्रवाई की।
सेल्समैन हर प्रसाद झारिया और सहयोगी सत्येंद्र झारिया को अनाज की कालाबाजारी के मामले में रविवार को शहपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बताया कि पुलिस को उचित मूल्य दुकान से ग्रामीणों के हिस्से के अनाज की ब्लैक मार्केटिंग की जानकारी मिली थी। जांच के लिए पहुंची टीम ने MP20 GA 8721 नंबर के पिकअप वाहन से ₹14000 कीमत के 14 बोरी गेहूं बरामद किया। अनाज का वजन करीब 702 किलोग्राम है।
गेहूं जब्त कर पुलिस ने बरखेड़ा निवासी पिकअप चालक सत्येंद्र झारिया (पिता बिहारीलाल झारिया) को दबोचा और उससे पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि यह अनाज बरखेड़ा स्थित शासकीय दुकान के सेल्समैन हर प्रसाद झारिया (पिता देवी प्रसाद झारिया, निवासी करौंदी) ने उसे बेचने के लिए सौंपा है। आरोपी ड्राइवर के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 14/21 दर्ज कर IPC की धारा 420, 406 व 34 और एसेंशियल कमोडिटी एक्ट की धारा 3/7 के तहत केस कायम किया है। सेल्समैन और ड्राइवर को शहपुरा तहसील कोर्ट में पेश कर पुलिस ने आगे की कार्यवाही को अंजाम दिया। एक्शन टीम में थाना प्रभारी दाहिया सहित हेड कॉन्स्टेबल संतोष यादव, दामोदर राव, विपिन जोशी, कॉन्स्टेबल जगपाल बघेल, श्याम तिवारी, पंकज सिंह, आदित्य शुक्ला, रतिराम कोर्राम आदि शामिल थे।
