डिंडौरी-आई विटनेस न्यूज 24,डिंडौरी जिला अस्पताल में सोमवार को कोरोना वैक्सीनेशन के सेकंड राउंड की शुरुआत हुई। इसमें दिनभर में कुल 303 हितग्राहियों को 'कोविशील्ड' का 'जीवनरक्षक टीका' लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (DPM) विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि वैक्सीनेशन के फर्स्ट राउंड में जिले के 6063 रजिस्टर्ड हेल्थ केयर प्रोवाइडर्स में से 5751 हितग्राहियों को टीका लग चुका है। शेष 312 हेल्थ वर्कर्स को आगामी दिनों में वैक्सीन लगाई जाएगी। वहीं, सेकंड राउंड में को-विन पोर्टल पर कुल 2523 हितग्राहियों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। रोजाना 600 हितग्राहियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। आज स्वास्थ्य विभाग ने 50% से अधिक का लक्ष्य प्राप्त किया। अगला वैक्सीनेशन बुधवार को होगा।
SDOP और ट्रैफिक इंचार्ज ने लगवाई वैक्सीन
DPM ने बताया कि दूसरे चरण में पुलिस और राजस्व सहित नगर पंचायत/नगर परिषद/ग्राम पंचायत कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले दिन डिंडौरी के SDOP रवि प्रकाश कोल, ट्रैफिक इंचार्ज राहुल तिवारी, हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप खंपरिया सहित राजस्व, नगर पंचायत और पंचायत से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। टीका लगवाने के बाद उन्होंने जनता से निवेदन किया कि 'कोविशील्ड' वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। अपनी बारी आने पर बिना किसी झिझक के टीका जरूर लगवाएं। DPM के अनुसार दूसरे दौर के लिए पंचायत से 967, राजस्व से 838, पुलिस से 618 और नपं/नप से 100 हितग्राहियों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।
