नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों ने किया "माँ" रेवा नर्मदा समिति कलगी टोला के सदस्यों का सम्मान
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 20 जनवरी,"माँ " नर्मदा को प्रदेश की जीवन दायनी कहा जाये तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नही होगी, जिसके दर्शन मात्र से ही सम्पूर्ण प्राणी जगत का कल्याण हो जाये ऐसी पुण्य सलिला "माँ"नर्मदा पर आज संकट आन खड़ा है,जगह - जगह अवैध उत्खनन, तटों के आसपास हरे - भरे वृक्षों का कत्लेआम,मानव द्वारा छोड़ा गया मलमूत्र और फेंका गया कचरा व लगाये गये उद्दोगों से छोड़ी जा रही गंदगी सीधे ही पवित्र नर्मदा की अविरल जलधारा को दूषित कर रही है। बता दें कि अपने उद्गम स्थल अमरकंटक से डिंडौरी आते - आते "माँ "नर्मदा का आँचल लगातार मैला हो रहा है,जहाँ प्रथम पड़ाव पर ही गंदगी से बजाते सात नाले सीधे ही "माँ" नर्मदा में समाहित ही रहे हैं।और यह सब जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर विकासखंड मेहंदवानी से ग्राम कलगी टोला के ग्रामीणों को रास नही आया,और जब दिल पसीजा तो तकरीबन 20 ग्रामीणों ने मिलकर पवित्र नर्मदा की अविरल जलधारा को साफ व स्वच्छ रखने का बीड़ा उठाया एवं विगत दो दिनों से अथक परिश्रम कर नालों में बहती गंदगी को रोकने बोल्डर डेम बना दिये,ताकि मानव अपशिष्ट सीधे तौर पर पवित्र नर्मदा की अविरल जलधारा को प्रदूषित न करने पाये।
2017 में बनाई समिति -- कलगीटोला से स्वच्छता अभियान में अपने 20 साथियों के साथ पहुँचे केशवदास मानिकपुरी ने बताया कि उनके द्वारा ग्रामीणों के साँथ मिलकर वर्ष 2017 में "माँ" रेवा नर्मदा समिति बनाई गई है,जो लगातार अपने ग्राम के आसपास लगभग 15 हजार पौधों का रोपण कर चुकी है। और जब कभी यह समिति सदस्य जिला मुख्यालय पहुँचते हैं तो "माँ" नर्मदा के दर्शन अवश्य करते है।लेकिन "माँ " नर्मदा की दुर्दशा देख मन व्यथित होता है,ऐसे में इन्होंने संगठित हो ठाना की वह समय - समय पर ऐसे ही छोटे - छोटे प्रयासों से "माँ " नर्मदा की सेवा करते रहेंगे।
कलेक्टर से भी लें प्रेरणा -- बहुत ही कम समय मे अपनी सरल व सहज कार्यप्रणाली से जिले वासियों के दिलों में स्थान बनाने वाले कलेक्टर विकास मिश्रा संभवतः जिले के पहले ऐसे कलेक्टर हैं,जिन्होंने "माँ "
नर्मदा के सफाई अभियान में खुलकर श्रमदान दिया है।जिससे निःसंदेह नगर वासियों सहित सम्पूर्ण प्रदेश वासियों को प्रेरणा लेना चाहिये।कलेक्टर विकास मिश्रा लगातार मुख्यालय स्थित घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं और " माँ " नर्मदा की स्वच्छता व अस्तित्व को बनाये रखने लगातार प्रयासरत हैं। और हाल के ही दिनों में उन्होंने कुछ ऐसे आदेश भी किये हैं जो प्रशंशनीय है।
जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मान -- विगत दो दिनों से "माँ" नर्मदा के सफाई अभियान में जुटे कलगीटोला वासियों की जानकारी नगर परिषद अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों को लगी तो शुक्रवार के दिन जा पहुँचे समिति सदस्यों का सम्मान करने और तिलक वंदन कर श्री फल भेंट किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस ने सभी समिति सदस्यों को कंबल वितरण भी किया व देर तलक पार्षदों के साँथ आगामी नर्मदा जयंती को लेकर घाटों का जायज़ा भी लिया। बता दें कि नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस ,पार्षद रीतेश जैन,रजनीश राय,रूपाली जैन,ज्योतिरादित्य भलावी, पार्षद पति रम्मू वैश्य ,व्यवसायी व समाज सेवी राजेश बर्मन, संदीप तिवारी लगातार " माँ " नर्मदा की साफ - सफाई व स्वच्छता को लेकर सजग रहते हैं।
