आई विटनेस न्यूज 24,शुक्रवार 2 मई,हज 2025 के मुकद्दस सफर पर जाने वाले हज यात्रियों का पहला जत्था शुक्रवार को डिंडोरी से रवाना हो गया। सुबह 11 बजे डिंडोरी के हाजियों का यह जत्था जबलपुर के लिए प्रस्थान किया, जहां से वे रेल मार्ग द्वारा मुंबई पहुंचेंगे। मुंबई से फ्लाइट के जरिए हज यात्री मक्का-मदीना की ओर रवाना होंगे।
इस पहले जत्थे में डिंडोरी की वरिष्ठ अधिवक्ता फिरोज सिद्दीकी, गोरखपुर निवासी मोहम्मद अजीज खान और उनकी पत्नी शामिल हैं। हज पर रवाना होने से पहले यात्रियों को उनके परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विदा किया। सुबखार मस्जिद से हज यात्रियों को आखिरी विदाई दी गई, जहां नम आंखों से उन्हें सलामती की दुआओं के साथ रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों ने उनके लिए दुआ की कि उनका सफर आसान और मुकम्मल हो। हज यात्री सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद जून माह में स्वदेश लौटेंगे।