आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 3 मार्च,सोमवार रात फाल्गुन पूर्णिमा पर जिले भर में होलिका दहन का पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 6 सहित शाहपुर कस्बा और ग्रामीण अंचलों में शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई।शाम से ही होलिका दहन स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में रोली, चंदन, चावल, गुजिया और जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि व संतानों की दीर्घायु की कामना की। रात 11 बजे के बाद अग्नि प्रज्वलन के साथ पूरा वातावरण 'होलिका माता की जय' के जयकारों से गूंज उठा। युवाओं व बच्चों में खासा उत्साह दिखा, जबकि फाग गीतों, ढोल-नगाड़ों और रंग-बिरंगी सजावट ने माहौल को उत्सवी बना दिया।धार्मिक मान्यता के अनुसार यह पर्व भक्त प्रह्लाद की आस्था और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
होलिका दहन के बाद लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। सामाजिक संगठनों ने आपसी वैमनस्य भुलाकर प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। अब बुधवार को धुलेड़ी (रंगोत्सव) हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। बाजारों में रंग-गुलाल व पिचकारियों की खरीदारी जोरों पर है।


