नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी और नवाचारों की रही धूम - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी और नवाचारों की रही धूम

आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 1 मार्च,

बरगांव स्थित नर्मदांचल विद्यापीठ (सीबीएसई) में 28 फरवरी 2026, शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस अत्यंत उत्साह, जिज्ञासा और वैज्ञानिक चेतना के वातावरण में भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर विज्ञान प्रदर्शनी, नवाचारपूर्ण मॉडलों और विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रस्तुतियों से सुसज्जित दिखाई दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एस.बी. अग्रवाल, डॉ .कृष्ण बिलैया तथा  विक्रम सिंह  रहे। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान प्रोजेक्ट, कार्यशील (वर्किंग) मॉडल, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, जल संरक्षण, विज्ञान के दैनिक जीवन में उपयोग, स्वच्छता एवं तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर अत्यंत आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। अतिथियों ने प्रत्येक मॉडल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया, उनके विचारों को जाना तथा उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने हेतु प्रेरित किया।

मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि विज्ञान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जिज्ञासा, प्रयोग और नवाचार की भावना को जागृत करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने, प्रश्न पूछने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनशीलता और शोध प्रवृत्ति का विकास करते हैं।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने अत्यंत परिश्रम और लगन से अपने मॉडल तैयार किए थे, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उपस्थित जनों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या महोदया ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है और ऐसे आयोजन भविष्य के वैज्ञानिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस प्रकार नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।