ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 9 दिसम्बर, जिले में मध्यान्ह भोजन (MDM) संचालित करने वाले स्व सहायता समूह इन दिनों गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। समय पर खाद्यान्न उपलब्ध न होने के कारण समूह संचालक महिलाओं को स्कूलों में नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समूह की महिलाओं का कहना है कि खाद्यान्न की आपूर्ति में लगातार देरी हो रही है, जिससे बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने में समस्या आती है और कई बार स्कूलों में एमडीएम का वितरण प्रभावित होता है। इसके अलावा, उन्हें मिलने वाली राशि भी समय पर जारी नहीं की जाती, जिसके कारण आवश्यक सामग्री खरीदना मुश्किल हो जाता है।
इन समस्याओं को लेकर स्व सहायता समूह की महिलाओं ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें समय पर खाद्यान्न और राशि दोनों उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्कूलों के बच्चों को निर्धारित समय पर पौष्टिक भोजन मिल सके और मध्यान्ह भोजन योजना सुचारू रूप से चलाई जा सके।
महिलाओं ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

