आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 8 मई,बैठक में सर्वप्रथम पूर्व में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा की गईं। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग नर्मदा घाटी प्राधिकरण, राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर परिषद शहपुरा एवं डिंडौरी सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभाग के उपलब्ध बजट से राधोपुर जलाशय, बसनिया जलाशय एवं बिजौरा जलाशय सहित अन्य परियोजनाओं में किसानों की सिंचाई सुविधा हेतु नहर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट प्रस्ताव भेजने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण आहार वितरण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। इसी प्रकार अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावास , आश्रम एवं शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित योजनाओं को लेकर प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग एवं राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण के अधिकारियों के समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने तथा कार्यों में गुणवत्ताहीनता एवं लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने एनआरएलएम विभाग द्वारा बैगा परियोजना में लगभग 5 करोड़ रुपए की राशि के उपयोग की समीक्षा करते हुए अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन एनआरएलएम प्रबंधकए ब्लॉक समन्वयक एवं लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना ;एएचपी घटकद्ध अंतर्गत 8 वर्ष बाद भी अपूर्ण आवासों पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
नर्मदा घाटी प्राधिकरण को राधोपुर बांध निर्माण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए ताकि बांध निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जा सके।
बैठक में नर्मदा नदी किनारे संचालित मांसाहार दुकानों को हटाने के संबंध में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं एकलव्य विद्यालयों एवं छात्रावासों में रोटी मेकर मशीन प्रदाय से संबंधित शिकायतों पर विस्तृत चर्चा करते हुए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं एवं उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित समस्त विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

