आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 14 दिसम्बर,शहपुरा ब्लॉक अंतर्गत मुरूम खदानों से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आ रहा है। प्रशासन की नाक के नीचे लंबे समय से यह अवैध गतिविधि जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अवैध उत्खनन के इस खेल में खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की भूमिका को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर मुरूम का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेने पर पता चला कि जिन खनिज माफियाओं के द्वारा अवैध मुरम खनिज का उत्खनन किया जा रहा है उनके पास शासन से कोई स्वीकृत लीज ही नहीं है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनिज माफिया बेखौफ होकर उत्खनन कर रहे हैं, जबकि शिकायतों के बावजूद प्रशासन मौन बना हुआ है। इससे क्षेत्र में पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंच रही है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध उत्खनन में संलिप्त माफियाओं के दस्तावेजों की गहन जांच की जाए, साथ ही संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका की भी जांच हो तथा अवैध उत्खनन पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर शासन के राजस्व की रक्षा की जाए।

