आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 11 फरवरी,शहपुरा थाना क्षेत्र के मेंहदवानी मार्ग पर चरगांव में आज सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मगरटगर के पिपरहा गांव से दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने धनगांव जा रहे ग्रामीणों से भरा एक तेज़ रफ़्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। अचानक हुए दुर्घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर शहपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत–बचाव कार्य में जुट गई।
जिले में ओवरलोड और बिना वैध दस्तावेज़ों वाले वाहनों की मनमानी का यह ताजा उदाहरण है। इलाके में बिना वैध परमिट, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र के मालवाहक वाहनों, तूफान और ऑटो का बेरोकटोक संचालन जारी है।इन वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर खुलेआम मोटर व्हीकल एक्ट की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। स्कूल समय और हाट-बाजार वाले दिनों में स्थिति और खतरनाक हो जाती है। बच्चों और महिलाओं को ठूंस-ठूंस कर बैठाया जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।विशेषज्ञों का कहना है कि तेज़ रफ़्तार के साथ ओवरलोडिंग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है। वाहन का संतुलन बिगड़ते ही हादसा अवश्यंभावी हो जाता है। आज का हादसा भी इसी लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।बिना फिटनेस और परमिट के वाहन सड़कों पर कैसे चल रहे हैं?ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच क्यों नहीं?दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के बावजूद विभाग का रवैया उदासीन क्यों?आज का हादसा जिले में चल रहे ओवरलोड और अवैध वाहनों की खतरनाक हकीकत फिर सामने लाता है। प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर केवल कागज़ों में नहीं, जमीनी स्तर पर सख्ती दिखाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

