राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शनिवार 7 मार्च,मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिला अस्पताल से एक बार फिर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नवजात की मौत के बाद परिजनों ने ड्यूटी डॉक्टर पर अनुपस्थिति और लापरवाही का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद आज उनका बच्चा जिंदा होता।
मामला डिंडौरी जिला चिकित्सालय का है, जहां एक नवजात की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे की हालत बिगड़ रही थी तब ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं थे। परिवार के लोग इलाज की मांग करते रहे, लेकिन कथित तौर पर उन्हें समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि बच्चे की हालत गंभीर होने पर वे तीन बार कलेक्टर से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन उन्हें कलेक्टर से मिलने नहीं दिया गया।
परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते उनकी बात सुनी जाती और इलाज में लापरवाही न होती तो शायद नवजात की जान बचाई जा सकती थी।
यह पहली बार नहीं है जब डिंडौरी जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी इलाज में लापरवाही और डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
अब पीड़ित परिवार ने जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। सवाल यही है कि क्या इस घटना से सबक लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा या फिर लापरवाही का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।

