आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 24 अप्रैल, शहपुरा विकास खण्ड अंतर्गत चौरा जलाशय से संबंधित नहर ग्राम लालपुर के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तहसीलदार शहपुरा , जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सी बी ठावरे सहित अन्य अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे। उनके साथ भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री बिहारी लाल साहू, सरपंच भारत सिंह और ग्रामीण किसान भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नहर की स्थिति का अवलोकन किया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पहले “लालपुर ग्राम” के तहत इस नहर में पानी आया था, लेकिन इसके बाद नहर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिछले 27–28 वर्षों से नहर में पानी का प्रवाह बंद है, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नहर की मरम्मत के लिए लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर प्रमुख अभियंता, भोपाल को भेजा गया है। हालांकि अभी तक इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्राप्त नहीं हो पाई है।
मौके पर पहुंचकर अधिकारियों द्वारा जांच कर पंचनामा तैयार किया गया। ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि सिंचाई सुविधा बहाल हो सके और किसानों को राहत मिल सके।

