खबर का असर:- एनएच-45 में घटिया निर्माण उजागर, खबर के बाद ठेकेदार पर गिरी गाज - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

खबर का असर:- एनएच-45 में घटिया निर्माण उजागर, खबर के बाद ठेकेदार पर गिरी गाज

आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 1 अप्रैल,जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे (एनएच-45) के निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौते को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। 30 मार्च को आई विटनेस न्यूज 24 द्वारा प्रमुखता से उठाए गए इस मामले पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

कलेक्टर कार्यालय डिंडोरी ने शहपुरा–डिंडौरी मार्ग पर निर्माण कार्य कर रही संबंधित ठेकेदार फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में निर्माण कार्य में अनियमितताओं, गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन का हवाला दिया गया है।

दरअसल, खबर में शहपुरा बाईपास स्थित शारदा टेकरी के पास बन रहे पुल में गंभीर तकनीकी खामियों को उजागर किया गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि पुल निर्माण के दौरान बिना मजबूत बेस तैयार किए सीधे पाइप डालकर काम किया जा रहा है, साथ ही पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) की अनदेखी की जा रही है। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और लोक निर्माण विभाग की टीम से 31 मार्च को मौके का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण रिपोर्ट में भी निर्माण कार्य में खामियां पाई गईं, जिससे शिकायतों की पुष्टि हुई।

कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार फर्म से जवाब मांगा है कि क्यों न अनुबंध की धारा 23 के तहत अनुबंध निरस्त कर फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाए। फर्म को 7 अप्रैल 2026 तक अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौते को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, खबर के असर से क्षेत्रीय स्तर पर जवाबदेही तय होने की उम्मीद भी बढ़ गई है।

 

 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।