नारिया गांव के पास हनुमान मंदिर के समीप लावारिस पड़े बैरिकेट्स, सड़क पर खुला खतरा—जिम्मेदार बेपरवाह
राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 9 अप्रैल,कस्बा शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। ग्राम नारिया के पास हनुमान जी मंदिर के समीप, जहां रोजाना वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस अपनी मौजूदगी दर्ज कराती है, वहीं उसी पुलिस के बैरिकेट्स आज लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़े सड़ रहे हैं।
यह कोई मामूली लापरवाही नहीं, बल्कि सीधी-सीधी जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है। जिन बैरिकेट्स का काम सड़क पर अनुशासन बनाए रखना और हादसों को रोकना है, वही अब खुद मौत का जाल बन चुके हैं। जंग लगे, टूटे-फूटे ये बैरिकेट्स किसी भी वक्त राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं—खासकर रात के अंधेरे में, जब ये दिखाई तक नहीं देते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हालत कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन शाहपुर पुलिस अपनी ही “चेकिंग की औपचारिकताओं” में इतनी मशगूल है कि अपने बिखरे सिस्टम को समेटने की फुर्सत नहीं। यह सवाल उठना लाजिमी है कि जब पुलिस अपने संसाधनों की जिम्मेदारी नहीं ले पा रही, तो आम जनता की सुरक्षा का दावा किस आधार पर किया जा रहा है?
करारा सवाल:
क्या शाहपुर पुलिस सिर्फ चालान काटने तक सीमित है? क्या सड़क पर बिखरे ये बैरिकेट्स किसी बड़े हादसे के बाद ही हटेंगे?
नारिया गांव के पास पड़े ये बैरिकेट्स सिर्फ कबाड़ नहीं, बल्कि उस लापरवाह तंत्र की जीती-जागती मिसाल हैं, जहां सुरक्षा के नाम पर दिखावा और जिम्मेदारी के नाम पर शून्य नजर आता है। अगर समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया, तो आने वाला हादसा प्रशासन की इस घोर लापरवाही पर बड़ा सवाल बनकर खड़ा होगा।


