राजेश ठाकुर की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 15 अप्रैल,डिण्डौरी विकास खंड के ग्राम अझवार में जल जीवन मिशन के संबधित विभाग की लापरवाही और लचर व्यवस्थाओं के चलते भीषण गर्मी में भी आम आदमी सुविधा जनक पेयजल के लिए मोहताज हो रहे हैं।लाखों करोड़ों की लागत से आम आदमी को सुविधाजनक पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन का कार्य कराया गया। पानी की टंकी, तीन चार जगह बोरिंग, लगभग तीन किलोमीटर अझवार से जाटा तक पाइपलाइन का विस्तार,दो तीन विद्युत टान्सफार्मर,लगभग दो तीन वर्षों का समय, पर जब इतना सब कुछ करने के बाद भी ग्रामीणजनों को इससे भीषण गर्मी में एक बूंद भी पानी नसीब नहीं हो रहा है। शुरुआत में कुछ दिनों तक जाटा बोर से टेस्टिंग के नाम पर कुछ पानी दिया जा रहा था। पर बोर का जलस्तर नीचे चले जाने से लगभग तीन चार महीनों से जलापूर्ति पूरी तरह से बंद है। ग्राम पंचायत के पोषक ग्राम जाटा में नया बोर कराया गया है पर उसमें भी तकनीकी दिक्कत
बताई जा रही है। उल्लेखनीय है ग्राम में ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट हर साल रहता है। अभी भी लोग पानी की समस्या को लेकर काफी परेशान हैं। पर संबधित विभाग को इससे कोई सरोकार नहीं है। ग्रामीण जनों की हेल्प लाइन की शिकायतों को भी अधिकारी मांग आधारित बता कर या झूंठा आश्वासन देकर बंद करवा देते हैं। जिससे ग्रामीण जनों में काफी असंतोष और आक्रोश है। जन प्रतिनिधियों को भी समस्या के बारे में अवगत कराया गया है। पर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पूर्व के वर्षों में टैंकर आदि से जलापूर्ति की जा रही थी। पर संभवतः जल जीवन के कारण वह भी बंद है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में ग्राम पंचायत और पीएच ई, विभाग योजना को संचालित कर रहे हैं। समय रहते अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि, खबर प्रकाशन के बाद भी अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी स्थिति परिस्थिति के लिए संबधित विभाग और शासन प्रशासन की पूरी जवाबदारी होगी।

