जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू: 1 से 30 मई तक घर-घर पहुंचेगी टीम, ओटीपी-बैंक डिटेल और पैन कार्ड की जानकारी नहीं मांगी जाएगी - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू: 1 से 30 मई तक घर-घर पहुंचेगी टीम, ओटीपी-बैंक डिटेल और पैन कार्ड की जानकारी नहीं मांगी जाएगी

आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 1 मई,भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक देशभर में जनगणना कार्य का प्रथम चरण संचालित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनगणना के माध्यम से जिले की जनसंख्या, आवासीय स्थिति तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाएंगे।

जनगणना दल घर-घर पहुंचकर परिवारों से सामान्य जानकारी प्राप्त करेंगे। इसमें मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल व्यवस्था, बिजली सुविधा, शौचालय, गैस कनेक्शन, वाहन संबंधी विवरण तथा परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज की जानकारी शामिल रहेगी।

एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना दल को सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान कर राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में सहयोग करें, ताकि विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

वहीं एसडीओपी शहपुरा अजय तिवारी ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा है कि जनगणना दल किसी भी प्रकार की ओटीपी, बैंक डिटेल, पैन कार्ड या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी नहीं मांगेगा। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो नागरिक सतर्क रहें और तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही जानकारी देकर राष्ट्रहित के इस अभियान को सफल बनाएं।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।