ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 4 मई,डिंडौरी नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने और छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान देने के लिए ‘चाट चौपाल’ का शुभारंभ किया गया। पहले मुख्य मार्ग पर चाट ठेले लगने से जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटना का खतरा बना रहता था। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में एसडीएम रामबाबू देवांगन की पहल पर नगर परिषद द्वारा चाट चौपाल चौपाटी का निर्माण कराया गया। इस चाट चौपाल में 28 ठेला व्यवसायियों को शामिल किया गया है, वहीं इनका पंजीयन कल से शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता अशोक सारस और उपाध्यक्ष द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान एसडीएम रामबाबू देवांगन, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, सीएमओ अमित तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू नेताम, व
विधायक ओमकार सिंह मरकाम सहित कई जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और हर दुकानदार के सामने डस्टबीन रखना अनिवार्य होगा। इस पहल से जहां शहर में जाम की समस्या कम होगी, वहीं स्वच्छता और व्यवस्थित व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

